नई दिल्ली/इस्लामाबाद: भारत ने बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंक के खूनी खेल का बदला ले लिया है। पहलगाम हमले के बाद भारत के आतंकियों को नष्ट करने के मंसूबों को साकार करते हुए भारतीय सैन्य बलों ने मंगलवार मध्यरात्रि के बाद पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। सैन्य बलों ने इसे ऑपरेशन सिंदूर का नाम दिया है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि रात 1 बजकर 44 मिनट पर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 9 स्थानों को निशाना बनाया गया है। समझा जाता है कि इन्हीं जगहों पर पहलगाम आतंकी हमले की योजना बनाई गई और उसे अंजाम दिया गया।
भारतीय सेना और वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में कई स्थानों पर हमला किया। हमले के बाद भारतीय सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, ‘इंसाफ कर दिया गया है। जय हिंद।’ कुछ ही देर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर लिखा, ‘भारत माता की जय।’ इससे पहले सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया,’ हमारी कार्रवाई केंद्रित, नियंत्रित और बगैर उकसावे की है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य अड्डे को निशाना नहीं बनाया गया है। लक्ष्यों के चयन और हमले को अंजाम देने में भारत ने संयम और समझारी का परिचय दिया है’। बयान में कहा गया, ‘हमारा निश्चय पहलगाम पर बर्बर आतंकी हमला करने वालों को सजा दिलाने का है।‘ हालांकि, सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना इस हमले के बारे में बुधवार सुबह आधिकारिक प्रेस कान्फ्रेंस करेगी। सैन्य बलों के इस हमले के बाद राजस्थान के कुछ इलाकों में भी लड़ाकू विमानों के उड़ने की आवाजें सुनी गईं।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में बीते 22 अप्रैल को आतंकियों ने नाम पूछ-पूछकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। मरने वालों में ज्यादातर सैलानी थे। हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंध को कम कर दिया। साथ ही भारत ने सिंधु जल संधि तोड़ दी और पाकिस्तान का पानी बंद कर दिया। कुछ दिनों बाद चेनाब नदी पर बांध को भी बंद कर दिया गया।
बौखलाया पाकिस्तान, शहबाज गढ़ने लगे झूठी कहानी
पाकिस्तान सेना ने भी भारत के हमले की पुष्टि की और साथ ही इसकी प्रतिक्रिया देने की बात कही। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारत की ओर से पीओके के कोटली और मुजफ्फराबाद एवं पंजाब प्रांत के बहावलपुर पर मिसाइल हमला किया गया। उन्होंने कहा कि बाहवलपुर के अहमदपुर के पूर्वी क्षेत्र में सुभानुल्लाह मस्जिद को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि ये हमले भारतीय भू-भाग से किए गए। पाकिस्तान के क्षेत्र में किसी को भी घुसपैठ नहीं करने दी गई। सैन्य प्रवक्ता ने साथ ही कहा कि पाकिस्तान के पास इस हमले का जवाब देने का पूरा अधिकार है। हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की बौखलाहट भी सामने आ गई। साथ ही, शहबाज भारतीय हमले को कमतर बताने के लिए झूठी कहानी भी गढ़ते दिखे। उन्होंने कहा कि हमला केवल पांच स्थानों पर किया गया। शहबाज ने एक्स पर लिखा, ‘मक्कार पड़ोसी ने पाकिस्तान में पांच स्थानों पर कायराना हमला किया है। भारत की ओर से पाकिस्तान पर लादी गई इस युद्ध की कार्रवाई का माकूल जवाब देने के हर अधिकार पाकिस्तान के पास है। पूरा मुल्क पाकिस्तान की सेना के साथ है पूरे पाकिस्तान का मनोबल काफी ऊंचा है। ’










