Home स्वस्थ जीवन कीटाणुनाशक केवल 99.9% कीटाणुओं को ही क्यों मार पाते हैं?

कीटाणुनाशक केवल 99.9% कीटाणुओं को ही क्यों मार पाते हैं?

क्या आपने कभी सोचा है कि ज्यादातर कीटाणुनाशक यह क्यों कहते हैं कि वे 99.9 फीसदी या 99.99 फीसदी कीटाणुओं को मार देते हैं। लेकिन ये कीटनाशक कभी भी 100 फीसदी कीटाणुओं को खत्म कर देने का वादा नहीं करते?

0
720

मेलबर्न: क्या आपने कभी सोचा है कि ज्यादातर कीटाणुनाशक यह क्यों कहते हैं कि वे 99.9 फीसदी या 99.99 फीसदी कीटाणुओं को मार देते हैं। लेकिन ये कीटनाशक कभी भी 100 फीसदी कीटाणुओं को खत्म कर देने का वादा नहीं करते? शायद यह विचार आपके दिमाग में रसोई या बाथरूम की सफाई करते समय या कि कोई विज्ञापन देखते समय आया हो। निश्चित रूप से, हर तरह के अद्भुत काम करने में सक्षम विज्ञान की दुनिया में लोग ऐसा कीटाणुनाशक जरूर चाहेंगे जो 100 फीसदी कारगर हो।


कीटाणुनाशक क्या है?

कीटाणुनाशक एक ऐसा पदार्थ है जिसका इस्तेमाल निर्जीव वस्तुओं पर बैक्टीरिया, वायरस और अन्य रोगाणुओं को मारने या निष्क्रिय करने के लिए किया जाता है। हमारे घरेलू वातावरण में सतहों और वस्तुओं पर अनगिनत रोगाणु होते हैं। ज्यादातर रोगाणु हानिकारक नहीं होते, लेकिन उनका एक छोटा सा हिस्सा हमें बीमार कर सकता है। कुछ हमारे लिए अच्छे भी होते हैं। कीटाणुशोधन में भौतिक हस्तक्षेप जैसे गर्मी संबंधी उपचार या यूवी प्रकाश का उपयोग शामिल हो सकता है। सामान्यत: जब हम कीटाणुनाशकों के बारे में सोचते हैं तो हम सतहों या वस्तुओं पर रोगाणुओं को मारने के लिए रसायनों के उपयोग का उल्लेख कर रहे होते हैं। रासायनिक कीटाणुनाशकों में अक्सर अल्कोहल, क्लोरीन यौगिक और हाइड्रोजन पैरॉक्साइड जैसे सक्रिय तत्व होते हैं जो विभिन्न रोगाणुओं के महत्वपूर्ण घटकों को लक्षित करके उन्हें मार सकते हैं।

सूक्ष्मजीव उन्मूलन का गणित

पिछले कुछ वर्षों में हम सभी कोविड मामलों के प्रसार के संदर्भ में घातीय वृद्धि (एवर एक्सीलेरेटिंग रेट) की अवधारणा से परिचित हैं। इसमें संख्याएं लगातार बढ़ती हैं, जिससे स्थिति खतरनाक हो सकती है। उदाहरण के लिए, यदि 100 बैक्टीरिया की कॉलोनी हर घंटे दोगुनी हो जाती है, तो 24 घंटे में बैक्टीरिया की आबादी 1.5 अरब से अधिक हो जाएगी। इसके विपरीत, रोगाणुओं को मारना या निष्क्रिय करना एक लघुगणकीय क्षय (लॉगरिदमिक डिके) पैटर्न का अनुसरण करता है, जो अनिवार्य रूप से घातीय वृद्धि के विपरीत है। यहां, समय के साथ रोगाणुओं की संख्या कम हो जाती है, मृत्यु की दर धीमी हो जाती है क्योंकि रोगाणुओं की संख्या कम हो जाती है। उदाहरण के लिए, यदि कोई विशेष कीटाणुनाशक हर मिनट 90 फीसदी बैक्टीरिया को मारता है, तो एक मिनट के बाद, मूल बैक्टीरिया का केवल 10 फीसदी ही बचेगा। अगले मिनट के बाद, शेष 10 फीसदी का 10 फीसदी बचेगा जो मूल मात्रा का मात्र एक फीसदी होगा। यह सिलसिला आगे चलता रहेगा।


99.9 फीसदी का राज

इस लघुगणकीय क्षय पैटर्न के कारण, यह दावा करना कभी भी संभव नहीं है कि किसी भी सूक्ष्मजीव आबादी को 100 फीसदी मारा जा सकता है। आप केवल वैज्ञानिक रूप से कह सकते हैं कि आप प्रारंभिक आबादी के अनुपात से सूक्ष्मजीव भार को कम करने में सक्षम हैं। यही कारण है कि घरेलू उपयोग के लिए बेचे जाने वाले अधिकांश कीटाणुनाशक संकेत देते हैं कि वे 99.9 फीसदी कीटाणुओं को मारते हैं। अन्य उत्पाद जैसे हैंड सैनिटाइजर और कीटाणुनाशक वाइप्स, जो अक्सर 99.9 फीसदी कीटाणुओं को मारने का दावा करते हैं, उसी सिद्धांत का पालन करते हैं।

वास्तविक दुनिया के निहितार्थ
विज्ञान के बहुत से मामलों की तरह, प्रयोगशाला की तुलना में वास्तविक दुनिया में चीजें थोड़ी अधिक जटिल हो जाती हैं। यह आकलन करते समय कई अन्य कारकों पर विचार करना होता है कि कीटाणुनाशक किसी सतह से सूक्ष्मजीवों को कितनी अच्छी तरह से हटा सकता है। इन कारकों में से एक प्रारंभिक सूक्ष्मजीव आबादी का आकार है जिससे आप छुटकारा पाने की कोशिश कर रहे हैं। सतह जितनी अधिक दूषित होगी, सूक्ष्मजीवों को खत्म करने के लिए कीटाणुनाशक को उतनी ही अधिक मेहनत करनी होगी। उदाहरण के लिए, यदि आप किसी सतह या वस्तु पर केवल 100 सूक्ष्मजीवों के साथ शुरुआत करते हैं, और आप कीटाणुनाशक का उपयोग करके उनमें से 99.9 फीसदी को हटा देते हैं, तो आप इस बात को लेकर बहुत आश्वस्त हो सकते हैं कि आपने उस सतह या वस्तु से सभी सूक्ष्मजीवों को प्रभावी ढंग से हटा दिया है (जिसे स्टरलाइजेशन कहा जाता है)। इसके विपरीत, यदि आपके पास सतह को दूषित करने वाले सैकड़ों करोड़ या अरब सूक्ष्मजीवों की एक बड़ी आबादी है, तो सूक्ष्मजीव भार को 99.9 फीसदी तक कम करने का मतलब यह हो सकता है कि सतह पर संभावित रूप से लाखों सूक्ष्मजीव बचे हुए हैं। समय एक महत्वपूर्ण कारक है जो यह निर्धारित करता है कि सूक्ष्मजीवों को कितने प्रभावी रूप से मारा जाता है। इसलिए अत्यधिक दूषित सतह को लंबे समय तक कीटाणुनाशक के संपर्क में रखना यह सुनिश्चित करने का एक तरीका है कि आप अधिक सूक्ष्मजीवों को मार सकें। यही कारण है कि यदि आप कई आम घरेलू कीटाणुनाशकों के लेबल को ध्यान से देखें, तो वे अक्सर सुझाव देंगे कि कीटाणुरहित करने के लिए आपको उत्पाद का उपयोग करना चाहिए और फिर साफ करने से पहले एक निर्दिष्ट समय तक प्रतीक्षा करनी चाहिए। इसलिए हमेशा उस उत्पाद के लेबल को देखें जिसका आप उपयोग कर रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here