शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में एक सप्ताह तक चलने वाले विश्व विख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी-2025 का शुभारम्भ किया। इस महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक उत्सवों की आभा सभी को आकर्षित करती है। महोत्सव में देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु भाग लेते हैं।
हल्की बारिश के बीच पारंपरिक ‘शाही जलेब’ शोभायात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के मुख्य देवता श्री राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर से शुरू होकर पड्डल मैदान में संपन्न हुई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु पारंपरिक परिधान पहने अपने स्थानीय देवताओं के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़े। पूरे क्षेत्र से 200 से अधिक देवी-देवताओं ने इस जीवंत कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जिससे इसकी आध्यात्मिक भव्यता और बढ़ गई। मुख्यमंत्री ने सदियों पुरानी परंपरा के अनुरूप पगड़ी समारोह में भाग लिया। इसके उपरान्त उन्होंने पड्डल मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। उन्होंने मेला समिति द्वारा प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की स्मारिका और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने मंडी शिव धाम परियोजना को पूरा करने के लिए 100 करोड़ रुपए आवंटित करने की घोषणा की और दो वर्ष के भीतर इसे पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की। ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 11 दिसंबर, 2022 को वर्तमान राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ अपना मिशन शुरू किया है, जिसमें अब तक 70 प्रतिशत सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष में 25 हजार सरकारी पद भरे जाएंगे, जिनमें शिक्षा विभाग में 13 हजार तथा पुलिस कांस्टेबल का नया बैच शामिल है। पिछले दो वर्षों में सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी निर्णय लिए हैं तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनकल्याणकारी पहल जारी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि मंडी जिला से संबंध रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस क्षेत्र के विकास की काफी उम्मीद थी। शिव धाम को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन इसका काम अधूरा ही रहा। वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा होने के लिए 100 करोड़ रुपए आवंटित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बल्ह की उपजाऊ भूमि पर प्रस्तावित हवाई अड्डे को विपक्ष के नेता का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की निगरानी के उद्देश्य से ‘दिव्यम’ ऐप लॉंच किया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, अनिल शर्मा, चन्द्रशेखर और सुरेश ठाकुर, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह और प्रकाश चौधरी, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोहन लाल ठाकुर, चम्पा ठाकुर, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, नरेश चौहान, जगदीश रेड्डी, विजय पाल, चेत राम ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।