रूड़की: करीब सवा दो साल पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत को समय रहते अस्पताल पहुंचाने वाले युवक ने अपनी प्रेमिका संग जहर खा कर आत्महत्या का प्रयास किया। बाद में बाद उसकी प्रेमिका की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार रजत कुमार (25) नामक इस युवक ने अपनी प्रेमिका मनु कश्यप (21) के साथ तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी के बुच्चा बस्ती गांव में जहर खा लिया था। उन्हें तुरंत निकटवर्ती उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनु की मौत हो गई जबकि कुमार की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस ने कहा कि उसकी जानकारी में यह मामला बुधवार को ही आया लेकिन कोई रिपोर्ट दर्ज नही कराई गई है। चूंकि जहर खाने की घटना उत्तर प्रदेश की है इसलिए वहीं की पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, रजत और मनु विवाह करना चाहते थे लेकिन मनु के परिजन अलग जाति की कारणों से उनके विवाह के लिए राजी नहीं हुए। इसी से नाराज होकर दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की।
दिल्ली से रूड़की स्थित अपने घर आते समय 31 दिसम्बर 2022 को तड़के मंगलौर के पास क्रिकेटर पंत की कार सड़क पर बने डिवाइडर से पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के वक्त वहां से गुजर रहे दो युवकों (रजत कुमार और निशु) ने घायल पंत को तत्काल कार से निकाल कर पास के एक अस्पताल में पंहुचाया था जिससे उन्हें समय से इलाज मिल गया। दुर्घटना से उबरने के बाद पंत ने दोनों युवकों से मुलाकात की थी और उनका आभार जताया था। पंत ने तोहफे के तौर पर उन्हें एक-एक स्कूटर भी दी थी। पंत को रजत के साथ हुई घटना के बारे में पता चल गया है। उनके निजी सहायक ने बताया है कि वह एक-दो दिन में रजत को देखने के लिए झबरेड़ा आएंगे।